कोलकाता, 30 अप्रैल । मतदान समाप्त होने के बाद अब सभी की नजर स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर है। उत्तर कोलकाता के महत्वपूर्ण डीसीआरसी केंद्र और स्ट्रॉन्ग रूम के रूप में नेताजी इनडोर स्टेडियम का उपयोग किया जा रहा है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर अफवाह फैली कि बारिश के कारण स्ट्रॉन्ग रूम में पानी घुस गया है। प्रशासन और चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह खबर पूरी तरह झूठी और आधारहीन है।
मतदान समाप्त होते ही स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा कई गुना बढ़ा दी गई है। पहले स्तर पर सशस्त्र केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है, जो 24 घंटे शिफ्ट में पहरा दे रहे हैं। पूरे स्टेडियम परिसर और स्ट्रॉन्ग रूम के हर हिस्से पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी गतिविधि पर तुरंत निगरानी रखी जा सके।
राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों के संयुक्त प्रयास से यहां त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। बिना अनुमति किसी को भी स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए बड़े मॉनिटर लगाए गए हैं, जिन पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी निगरानी रख सकते हैं।
चुनाव आयोग ने बताया है कि मतगणना के दिन तक ईवीएम और बैलेट बॉक्स की सुरक्षा में किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
