खूंटी, 15 जून । खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में एक बाइक मैकेनिक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। अपराधियों ने रनिया चौक स्थित किराये के मकान से राधेश्याम साहू (45) को कथित रूप से अगवा किया और बाद में हत्या कर उसका शव ताम्बा जंगल के समीप फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है। बताया जाता है कि अपराधी चार पहिया वाहन से रनिया पहुंचे थे। उन्होंने रनिया चौक स्थित किराये के मकान में रह रहे राधेश्याम साहू को हथियार के बल पर जबरन अपने साथ ले लिया। अपहरणकर्ता उसकी स्कूटी भी अपने साथ ले गए।
परिजनों के अनुसार अपराधी पूरी योजना के साथ आए थे और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना राधेश्याम की दूसरी पत्नी ने तत्काल रनिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी, लेकिन रात होने और पर्याप्त जानकारी नहीं मिलने के कारण तत्काल कोई सुराग नहीं मिल सका।
सोमवार सुबह ताम्बा जंगल के समीप सड़क किनारे एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान राधेश्याम साहू के रूप में की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसकी हत्या सिर पर पत्थर से वार कर की गई है। घटनास्थल से उसकी स्कूटी भी बरामद हुई, जिसे अपराधियों ने शव के ऊपर रख दिया था। पुलिस का मानना है कि ऐसा साक्ष्य छिपाने या जांच को भ्रमित करने के उद्देश्य से किया गया हो सकता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
राधेश्याम साहू तोरपा प्रखंड के डिगरी गांव का निवासी था। वह पिछले करीब 20 वर्षों से रनिया में रहकर बाइक रिपेयरिंग गैराज संचालित कर रहा था और स्थानीय स्तर पर काफी परिचित था। जानकारी के अनुसार, उसकी पहली पत्नी उसे छोड़ चुकी थी और वह वर्तमान में दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था। पहली पत्नी से उसके दो बच्चे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में हत्या के कारणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच भूमि विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी रखी है।
उल्लेखनीय है कि रनिया थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन हत्या की गंभीर घटना सामने आई है। एक दिन पहले बांगुरकुलम झोराटोली गांव से 69 वर्षीय पुटकी देवी का शव बरामद हुआ था। उस मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में उनके दो पोतों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
