खूंटी, 26 जून । झारखंड मुक्ति मोर्चा खूंटी के जिला सचिव तथा खूंटी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील पाहन का गुरुवार की देर रात निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वे भारत मुंडा समाज झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष भी थे।
सुशील पाहन लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे। उन्होंने नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर खुद को पूरी तरह समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। वर्ष 2019 में उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर खूंटी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, लेकिन गुरुवार की रात उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही सुबह से ही उनके कर्रा प्रखंड की डूमरगड़ी पंचायत के डुफू गांव ने झामुमो कार्यकर्ताओं और ग्रमीणों की भीड़ जुटने लगी।
परिजनों और समाज के लोगों की ओर से जानकारी दी गई है कि उनका अंतिम संस्कार (मिट्टी) 26 जून शुक्रवार को दोपहर 12 बजे डूमरगाड़ी पंचायत के डुफू गांव में किया जाएगा। सुशील पाहन के निधन पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा, तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा, झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, झामुमो के जिला सह सचिव प्रदीप केशरी, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी, मोजिर अंसारी सहित कई कार्यकर्ताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि सुशील पाहन एक सरल, मिलनसार और संघर्षशील व्यक्तित्व के धनी थे। पार्टी और समाज के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि पार्टी और समाज के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
कांग्रेस ने जताया शोक
झारखंड मुक्ति मोर्चा के खूंटी जिला सचिव और खूंटी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील पाहन के असामयिक निधन पर खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन को जिले की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सुशील पाहन जमीन से जुड़े जननेता थे। वे आदिवासी समाज के हक-अधिकारों के लिए हमेशा संघर्षरत रहे। उनके निधन से खूंटी की राजनीति और सामाजिक आंदोलनों को बड़ी क्षति पहुंची है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि सुशील पाहन संवाद और जनसेवा में हमेशा अग्रणी रहे। उनका मिलनसार स्वभाव और संघर्षशील व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत था। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी पूरी संवेदना के साथ उनके परिवार के साथ खड़ी है।
स्वर्गीय सुशील पाहन को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रदेश कोऑर्डिनेटर पीटर मुंडू, प्रदेश सचिव रामकृष्ण चौधरी, नईमुद्दीन खान, सांसद प्रतिनिधि पाडेया मुंडा, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, रविकांत मिश्रा, महिला जिला अध्यक्ष सुनीता गोप, आदिवासी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एलेक्सियूस परधिया सहित अन्य शामिल हैं।
