onkar

कोलकाता, 27 जून । प्रख्यात संगीतकार, संगीत निर्देशक और गायक राहुल देव बर्मन (आर. डी. बर्मन) की जयंती पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शनिवार को उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा करते हुए भारतीय फिल्म संगीत के इस महान हस्ताक्षर को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, “प्रख्यात संगीत निर्देशक, संगीतकार एवं गायक राहुल देव बर्मन की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।”

भारतीय सिनेमा में ‘पंचम दा’ के नाम से लोकप्रिय आर. डी. बर्मन को फिल्म संगीत में नए प्रयोगों और आधुनिक संगीत शैली का अग्रदूत माना जाता है। उन्होंने भारतीय और पाश्चात्य संगीत का अनूठा समन्वय कर फिल्म संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

उनके संगीत निर्देशन में किशोर कुमार, लता मंगेशकर और आशा भोसले जैसे महान गायकों ने अनेक कालजयी गीत गाए, जो आज भी श्रोताओं के बीच समान रूप से लोकप्रिय हैं। अपनी नवीन सोच, विशिष्ट धुनों और प्रयोगधर्मी संगीत के कारण आर. डी. बर्मन भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली संगीतकारों में गिने जाते हैं।

उनकी जयंती के अवसर पर राजनीतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक लोगों के साथ-साथ हजारों प्रशंसकों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें याद किया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की श्रद्धांजलि भी इसी क्रम में एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में सामने आई। आर. डी. बर्मन का संगीत आज भी पीढ़ी दर पीढ़ी श्रोताओं को समान रूप से आकर्षित करता आ रहा है।