khuc

कूचबिहार, 27 जून । जिले के निशिगंज के कोदालखेती गांव में आवास योजना के नाम पर ली गई कथित ‘अवैध वसूली’ वापस करने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को ग्रामीणों के जोरदार विरोध के बाद स्थानीय तृणमूल नेता उकिल बर्मन को एक लाभार्थी को चार हजार रुपये वापस करने पड़े। इतना ही नहीं, उन्होंने सार्वजनिक रूप से यह भी स्वीकार किया कि गांव में कुल 62 लाभार्थियों से पैसे वसूलने के लिए एक कमेटी बनाई गई थी।इस खुलासे के बाद गांव में तनाव बढ़ गया। ग्रामीणों ने अन्य स्थानीय नेताओं के घरों के सामने भी प्रदर्शन शुरू कर दिया।

उनका आरोप है कि सिर्फ आवास योजना ही नहीं, बल्कि 100 दिन के काम (मनरेगा) के जॉब कार्ड बनाने के नाम पर भी आम लोगों से पैसे लिए गए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सभी की रकम वापस नहीं की गई, तो वे बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त निगरानी और कार्रवाई की मांग कर रहे है।