रांची, 23 फरवरी। राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी करते हुए विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया।
रांची: संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी
राजधानी रांची में यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर तथा सदर एसडीओ ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। विशेष रूप से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।
रामगढ़: डीसी ने लिया शांतिपूर्ण मतदान का जायजा
रामगढ़ जिले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने कैथा, बोंगावार और पैंकी क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, मतदान प्रक्रिया और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
डीसी ने कतार में लगे मतदाताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मतदान कर्मियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे जिले में मतदान पर नजर रखी जा रही है।
मेदिनीनगर (पलामू): डीआईजी, डीसी और एसपी सक्रिय
मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में पुलिस उप-महानिरीक्षक कौशल किशोर, उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीरा एस और पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने कई बूथों का निरीक्षण किया।
वार्ड 31 के एक केंद्र पर अनावश्यक भीड़ को तत्काल हटवाया गया। कुछ स्थानों पर गुप्त मतदान प्रभावित होने की शिकायत मिलने पर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदाता अलग-अलग और पूर्ण गोपनीयता के साथ मतदान करें। वार्ड 27 में मतदान प्रक्रिया को और तेज करने का निर्देश दिया गया, ताकि मतदाताओं को असुविधा न हो।
प्रमंडलीय आयुक्त का औचक निरीक्षण
पलामू प्रमंडल की आयुक्त कुमुद सहाय ने पलामू और गढ़वा जिलों के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं के पहचान पत्र और पर्ची की जांच की तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की। आयुक्त ने मतदानकर्मियों और सुरक्षाबलों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
चतरा: उपायुक्त और एसपी ने की संयुक्त समीक्षा
चतरा नगर परिषद क्षेत्र में उपायुक्त कीर्तिश्री और पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। अधिकारियों ने मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
