खड़गपुर, 03 नवंबर । रेलवे फाटक पर ड्यूटी के दौरान सतर्कता और तत्परता दिखाकर संभावित रेल हादसे को टालने वाले कर्मचारी गोपाल नाथ को मंगलवार को खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय ने सम्मानित किया। उन्हें नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
गोपाल नाथ अमरदा रोड और जलेश्वर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित समपार फाटक संख्या 54 पर गेटमैन के पद पर कार्यरत हैं। घटना 15 अक्टूबर 2026 की रात की है। रात करीब 11 बजकर 47 मिनट पर जब ट्रेन संख्या 15673 चारलापल्ली-कामाख्या अमृत भारत एक्सप्रेस रेलवे फाटक से गुजर रही थी, तभी गोपाल नाथ ने ट्रेन के पिछले हिस्से में ब्रेक के पहियों से चिपके रहने (ब्रेक बाइंडिंग) की गंभीर समस्या देखी।
उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल लाल हाथ संकेत दिखाकर ट्रेन के चालक दल को सतर्क किया और अमरदा रोड के स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को सुरक्षित रोकने की व्यवस्था के लिए ओवरहेड विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी गई।
रेलवे के अनुसार, ब्रेक बाइंडिंग की समस्या लंबे समय तक बनी रहने से पहियों में अत्यधिक गर्मी पैदा होने, पहियों के फिसलने और यहां तक कि ट्रेन के पटरी से उतरने का खतरा हो सकता था। गोपाल नाथ की समय पर दिखाई गई सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई तथा ट्रेन और रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।
डीआरएम ललित मोहन पांडेय ने गोपाल नाथ के कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और जिम्मेदारी की सराहना की। रेलवे प्रशासन ने कहा कि खड़गपुर मंडल सुरक्षित रेल परिचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कर्मचारियों के अच्छे कार्यों को सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
