
पूर्वी सिंहभूम, 19 सितम्बर। जमशेदपुर पुलिस ने शुक्रवार को गोलमुरी और कपाली क्षेत्र के कुख्यात अपराधी मोहम्मद साहिल को टेल्को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उससे 12 बोर का देशी कट्टा और धारदार चापड़ भी बरामद किया गया है।
साहिल लंबे समय से इलाके में दहशत फैलाकर लूटपाट और आपराधिक वारदातों को अंजाम देता रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उस पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह दो जिलों में सक्रिय रह चुका है। राहगीरों, छोटे दुकानदारों और व्यवसायियों को हथियार दिखाकर लूट लेना उसका आम तरीका था।
गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर साहिल को दबोच लिया। तलाशी में मिले अवैध हथियार उसके अपराधी नेटवर्क की झलक देते हैं।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि अब तक शहर में 80 से अधिक अवैध हथियार बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा, “जमशेदपुर पुलिस अपराध और अवैध हथियारों पर कड़ी निगरानी रख रही है। हमारा मकसद है कि असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए, ताकि आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जी सकें।”
फिलहाल साहिल को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की सप्लाई कहां से होती थी और उसके अन्य सहयोगी कौन हैं। इस गिरफ्तारी से पुलिस को उम्मीद है कि इलाके में अपराध पर काबू पाने में बड़ी मदद मिलेगी।


















