चतरा, 25 मई । लावालौंग थाना क्षेत्र के इचाहर वन क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा और पोस्ता दाना बरामद किया है। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मामले में पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि इचाहर वन क्षेत्र में डोडा का भंडारण कर उसे पिकअप वाहन के माध्यम से बाहर भेजने की तैयारी चल रही है। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागरगोजे शुभम भाउसाहब के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार लोगों को डोडा के भंडारण स्थल की निगरानी करते देखा। पुलिस टीम को देखते ही तीन लोग जंगल की ओर भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान कैलाश गंझु के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर वन क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों से कुल 361.52 किलोग्राम डोडा, 23.820 किलोग्राम डोडा एवं पोस्ता दाना का मिश्रण और 25.290 किलोग्राम पोस्ता दाना बरामद किया गया।
इस संबंध में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में प्रभारी थाना प्रभारी विधायक प्रसाद यादव, पुलिस अवर निरीक्षक वाजिद अली एवं लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
