ओंकार समाचार
रांची, 29 मई। झारखंड के विभिन्न जिलों में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी, काले बादलों और झमाझम बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई। राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लंबे समय से गर्मी से बेहाल लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई है, क्योंकि बारिश को खेती-किसानी के लिए लाभदायक माना जा रहा है।
हजारीबाग में बारिश से बदला मौसम
हजारीबाग में पिछले कई दिनों से तेज धूप और भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित था। तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था, जिसके कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता था। बुधवार को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार गर्मी के कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर थे, लेकिन बारिश के बाद वातावरण में ठंडक आ गई। ग्रामीण इलाकों में किसानों ने भी इस बारिश का स्वागत किया। किसानों का कहना है कि खेतों में नमी बढ़ने से आगामी खेती में मदद मिलेगी। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना जताई है।
रामगढ़ में हल्की बारिश से लोगों को राहत
रामगढ़ जिले में भी पिछले कई दिनों से चिलचिलाती धूप और लू ने लोगों को परेशान कर रखा था। तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था और सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगती थीं। दोपहर के समय बाजार और सड़कें सूनी दिखाई दे रही थीं।
इसी बीच शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने लगीं। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। स्थानीय लोगों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी असहनीय हो गई थी, लेकिन बारिश के बाद मौसम काफी सुहावना हो गया है।
जमशेदपुर में तेज आंधी और बारिश
जमशेदपुर में शुक्रवार को अचानक तेज आंधी और काले बादलों के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होते ही लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर गिर गईं और कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
बारिश के दौरान सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक मौसम बदलने से तापमान में गिरावट आई और पूरे शहर का मौसम खुशनुमा हो गया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
खूंटी में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश
खूंटी जिले में शुक्रवार सुबह तेज हवाओं और झमाझम बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और कुछ ही देर में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली।
पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान थे। बारिश के दौरान सूर्य बादलों की ओट में छिप गया और पूरा वातावरण ठंडा व सुहावना हो गया। बच्चों ने भी बारिश का आनंद लिया।
बारिश से किसानों में भी खुशी का माहौल है। किसानों का कहना है कि खेतों में नमी आने से धान की खेती की तैयारी में मदद मिलेगी। हालांकि तेज हवा के कारण कुछ जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की खबर भी है।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ राजन चौधरी ने बताया कि 31 मई तक छिटपुट बारिश की संभावना है, जबकि एक से तीन जून तक तेज हवा और मेघ गर्जन हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह बारिश कृषि कार्यों के लिए लाभदायक साबित होगी।
पाकुड़ में मौसम हुआ सुहावना
पाकुड़ और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। आसमान में बादल छाने, ठंडी हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोगों ने गर्मी और हीटवेव से राहत की सांस ली।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पाकुड़ और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव से आम लोगों के साथ किसानों को भी राहत मिली है।
