रामगढ़, 07 नवंबर । दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रामगढ़ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उपायुक्त (डीसी) ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के वरीय पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों को पर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने नगर परिषद क्षेत्र के सभी 38 वार्डों में दीपावली और छठ को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रमुख छठ घाटों, विशेषकर छावनी क्षेत्र के बड़े घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने और वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी घाटों पर महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनाने तथा शांति समितियों के साथ नियमित बैठक कर प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को भी कहा।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को प्रमुख छठ घाटों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में मेडिकल टीम तथा एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम संचालित करने को कहा।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने जलाशयों में बैरिकेडिंग कराने, गहरे और खतरनाक स्थानों को लाल निशान से चिह्नित करने तथा बड़े घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। सभी थाना प्रभारियों को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में दीपावली के दौरान पटाखों के अवैध और अत्यधिक भंडारण पर रोक लगाने तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने पर भी जोर दिया गया। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने तथा प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।
