670 रोगियों का इलाज, 130 को दिए चश्मे, 40 के होंगे ऑपरेशन
ओंकार समाचार
कोलकाता, 23 नवंबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को दो स्थानों पर नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
एक शिविर शोभा जीव जन कल्याण ट्रस्ट के सहयोग से रिषड़ा में एवं दूसरा शिविर आगमनी ब्रोटोचरी समिति के सहयोग से चुंचूरा गांधी ग्राम में आयोजित किया गया। दोनों शिविरों में कुल लगभग 670 रोगियों की जांच की गई।
शिविरों में आए मरीजों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच निशुल्क की गई। शिविर में दांत संबंधी बीमारियों का भी इलाज किया गया। मरीजों को दवाइयाँ मुफ्त प्रदान की गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 130 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई और 40 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किए गए।
मोतियाबिंद के सभी रोगियों का ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निशुल्क कराया जाएगा।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. सुकांतो राय, डॉ. मलय दास, डॉ. कबीर अहमद और डॉ. शुभेंदु देवनाथ का विशेष योगदान रहा।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। दिवाकर ने बताया कि सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपये लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपये में परामर्श देते हैं और दवा निशुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपये में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती
निशुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन निशुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
