कारगिल विजय दिवस पर नमन 01

कहा- उनका बलिदान राष्ट्र को सदैव प्रेरित करेगा

कोलकाता, 26 जुलाई। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार सुबह सोशल मीडिया मंच एक्स पर देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देने वाले सैनिकों का बलिदान राष्ट्र को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
राज्यपाल आर. एन. रवि ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल विजय दिवस पर उन वीर सैनिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है, जिन्होंने पाकिस्तान की विश्वासघाती घुसपैठ को विफल करते हुए मातृभूमि के प्रत्येक इंच भूभाग को पुनः सुरक्षित कराया।
उन्होंने कहा कि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों और अत्यंत प्रतिकूल परिस्थितियों में भी भारतीय सैनिकों ने देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए अदम्य साहस और अटूट संकल्प के साथ संघर्ष किया। राष्ट्र उन वीर शहीदों का सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। राज्यपाल ने शहीदों की वीरांगनाओं और उनके परिवारों के प्रति भी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
राज्यपाल ने कहा कि कारगिल के वीरों की गाथा देश के राष्ट्रीय गौरव का एक अमिट अध्याय है। उन्होंने कहा कि आज ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में स्वदेशी रक्षा क्षमता को लगातार मजबूत किया जा रहा है, जिससे भारतीय सशस्त्र बल और अधिक सशक्त बन रहे हैं तथा देश की सुरक्षा को नई मजबूती मिल रही है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को मातृभूमि की सेवा के लिए समर्पण, निष्ठा और अटूट संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
राज्यपाल ने अपने संदेश का समापन “जय हिंद” के उद्घोष के साथ किया।