सिलीगुड़ी, 26 जुलाई। शहर संलग्न फूलबाड़ी इलाके में एनजेपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दवा व्यवसायी के घर से भारी मात्रा में अवैध नशीली टैबलेट बरामद की है। इस मामले में दवा दुकान के मालिक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम दिलीप सरकार है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार शाम से देर रात तक स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और एनजेपी थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से फूलबाड़ी के पूर्व धनतला क्षेत्र में स्थित दवा व्यवसायी के घर पर छापेमारी की। कई घंटों की तलाशी के दौरान करीब 2,600 अवैध नशीली टैबलेट बरामद किये गये।
अभियान के बाद शनिवार रात को ही आरोपित दिलीप सरकार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थों के स्रोत और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।गिरफ्तार आरोपित को रविवार को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
