पूर्व मेदिनीपुर, 14 नवंबर । एगरा–1 ब्लॉक के जेरथान क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी शेख सत्तार द्वारा करोड़ों रुपये मूल्य का सोना और नकद लेकर फरार होने के आरोप लगाया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में तनाव और भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शेख सत्तार पिछले चार वर्षों से इलाके में एक किराए के दुकान में स्वर्ण व्यवसाय चला रहा था और इसी दौरान उसने लोगों का भरोसा जीतकर बड़े पैमाने पर आर्थिक धोखाधड़ी की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शेख सत्तार ग्राहकों से पुराना सोना लेकर नया गहना बनाने का वादा करता था और इसके लिए अग्रिम नकद भी लेता था। कई लोग उसे अपने कीमती गहने और लाखों रुपये सौंप चुके थे। मंगलवार शाम से ही दुकान बंद और फोन भी दोनों बंद मिलने पर लोगों को संदेह हुआ और बाद में पता चला कि वह कई करोड़ रुपये मूल्य का सोना और नगद लेकर फरार हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शेख सत्तार ने आधार कार्ड में हुगली जिले का पता दिया था, जबकि एक वर्ग को संदेह है कि उसने अपनी वास्तविक पहचान छिपाई हो सकती है। इससे इलाके में और सनसनी फैल गई है।
गुरुवार देर रात पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद एगरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार स्वर्ण व्यवसायी शेख सत्तार की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला संगठित आर्थिक धोखाधड़ी का प्रतीत हो रहा है।
उधर, अपनी जीवनभर की कमाई और गहने गंवा चुके पीड़ित परिवार गहरे सदमे में हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
—————
