40 के होंगे निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, 210 को मिलेंगे चश्मे
ओंकार समाचार
कोलकाता, 4 अक्टूबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी कोलकाता की ओर से रविवार को पश्चिम बंगाल में दो स्थानों पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। एक शिविर भारत सेवा संघ के सहयोग से हुगली जिले के सिंगूर में तथा दूसरा शिविर रोटरी क्लब ऑफ साल्ट लेक के सहयोग से गोमा हाबरा में आयोजित गया। दोनों शिविरों में कुल 610 मरीजों की जांच की गई।
शुगर और ईसीजी की भी जांच
शिविरों में मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को उनकी जरूरत के मुताबिक दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 210 मरीजों को चश्मे की जरूरत पाई गई,इन्हें चश्मे निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। 40 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के योज्ञ पाया गया। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन आगामी दिनों में कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में नि:शुल्क किए जाएंगे।
शिविर समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद अध्यक्ष प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल और डॉ. सुकांतो राय का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है।
