रांची, 30 अक्टूबर। रांची जिले में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह एसडीओ उत्कर्ष कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय (ब्लॉक-ए) में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और बीएलओ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।
बैठक में निर्वाचन कार्यों की समीक्षा करते हुए एसडीओ ने कहा कि सभी पर्यवेक्षक अपने अधीनस्थ बीएलओ से प्रतिवेदन प्राप्त कर मतदाताओं की पैतृक मैपिंग कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार सभी पंचायतों और वार्डों में बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन मैपिंग कार्य शीघ्रता से पूरा करना अनिवार्य है।
निर्देशों के अनुसार बीएलओ को वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर मतदाताओं को वर्ग ए, बी, सी, डी में श्रेणीबद्ध कर डिजिटल मैपिंग करनी है। एसडीओ ने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्य को शीघ्र और प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें ताकि गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम समयबद्ध रूप से सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
