वारंटी गिरफ्तार

कोडरमा, 25 जुलाई । पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोडरमा पुलिस ने “ऑपरेशन ऑल आउट-3” चलाकर जिलेभर में वारंटियों और फरार आरोपितों की धरपकड़ के लिए व्यापक अभियान चलाया। अभियान की निगरानी स्वयं पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने की।

इस विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 38 वारंटी एवं फरार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। थानावार गिरफ्तारी में कोडरमा थाना में 4, तिलैया थाना में 3, नवलशाही थाना में 4, मरकच्चो थाना में 7, जयनगर थाना में 1, डोमचांच थाना में 7, चंदवारा थाना में 5, तिलैया डैम ओपी में 5, सतगावां थाना में 2 कुल 38 लोग गिरफ्तार किए गए।

गिरफ्तार आरोपितों में कई ऐसे वारंटी शामिल हैं जो वर्षों से फरार चल रहे थे। इनमें 20 वर्षों से फरार वारंटी बन्धु मेहता (पिता हेमलाल मेहता, निवासी नावाडीह, थाना डोमचांच) को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 14 वर्षों से फरार वांछित सुरेश सिंह (पिता टेकन सिंह) और अशोक सिंह (पिता मुनीत सिंह), दोनों निवासी जोड़ासीमर, थाना डोमचांच, भी पुलिस के हत्थे चढ़े।

पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि कोडरमा जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराधी या तो अपराध छोड़ दें, अन्यथा उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले में शांति, कानून व्यवस्था और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए कोडरमा पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।