कोडरमा, 25 जुलाई । धनबाद-गया रेलखंड पर शनिवार सुबह कोडरमा जंक्शन रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर दूर टीनवाटांड के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कोडरमा रेलवे स्टेशन के ट्रैकमैन अप और डाउन लाइन का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान पोल संख्या 394/27 के समीप अप लाइन पर एक युवती का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची आरपीएफ टीम ने शव के पास मिले बैग की तलाशी ली, जिसमें दाउदनगर के एक विद्यालय के बच्चों की मार्कशीट और कॉलेज का प्रमाणपत्र बरामद हुआ।
दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के महनार निवासी 22 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में आरपीएफ ने आशंका जताई है कि नेहा यात्रा के दौरान चलती ट्रेन से गिर गई होगी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।
