मिदनापुर-गंगा-मिशन-1

कोलकाता, 26 जुलाई । निर्मल और अविरल गंगा तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत स्‍वयंसेवी संगठन गंगामिशन ने अपने गंगा हरित अभियान के तहत वर्ष 2026 में पश्चिम बंगाल के विभिन्‍न इलाकों में वृक्षारोपण अभियान के तहत कुल 34,800 पौधे लगाए हैं। यह अभियान गंगा मिशन के राष्ट्रीय सचिव प्रह्लाद राय गोयनका की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
गंगा मिशन का मानना है कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, स्वस्थ पर्यावरण और टिकाऊ भविष्य की नींव है। संस्था समाज के विभिन्न वर्गों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सरकारी एजेंसियों के सहयोग से लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रही है।

अभियान के तहत 4 जून को भद्रेश्वर नगरपालिका क्षेत्र में 300, 5 जून को रेपो पलाश में 500 तथा 13 जून को खन्यान में 3,000 पौधे लगाए गए। इसके बाद 30 जून को झाड़ग्राम, 12 जुलाई को केशियारी, 14 जुलाई को रायगंज एसपी कार्यालय, 15 जुलाई को गंगासागर, सनातन संघ और श्रीरामपुर में क्रमशः 3,000-3,000 पौधों का रोपण किया गया। 23 जुलाई को श्रीरामपुर, 24 जुलाई को चुंचुड़ा आरोग्य तथा खानाकुल में भी 3,000-3,000 पौधे लगाए गए। वहीं 26 जुलाई को बीएसएफ रायगंज परिसर में 4,000 पौधों का रोपण किया गया।
गंगा मिशन के राष्ट्रीय सचिव प्रह्लाद राय गोयनका ने कहा कि “हमारा प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के प्रति एक वादा है। पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। गोयनका ने बताया कि मिशन का यह अभियान पिछले लगभग 10 वर्ष से जारी है और आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

गंगा मिशन ने अपने संदेश में कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पृथ्वी को अधिक हरित, स्वस्थ और टिकाऊ बनाया जा सकता है तथा प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान का सहभागी बनना चाहिए।