van

जलपाईगुड़ी, 01 अक्टूबर। पश्चिम बंगाल के पूर्व वन मंत्री और पांच बार के विधायक बनमाली राय का 85 वर्ष की उम्र में बुधवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे।

बनमाली राय लगातार पांच बार धूपगुड़ी से विधायक चुने गए थे और लगभग 25 वर्षों तक क्षेत्र की सेवा की। उन्होंने राज्य के अनुसूचित जाति और आदिवासी कल्याण विभाग के मंत्री का पद भी संभाला। इसके अलावा वे जिला परिषद के सभाधिपति भी रहे।

प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ वे संगठन और पार्टी को भी समय देते थे। लंबे समय तक वे माकपा के जोनल सचिव समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। वे जमीनी स्तर पर आम लोगों के नेता के रूप में जाने जाते थे।

उनके निधन की खबर से वाम समर्थकों और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। वाम मोर्चा चेयरमैन बिमान बोस ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।