गिरिडीह, 28 जुलाई । मछली कारोबारी से पिछले दिनो दो लाख सात हजार रुपये की लूट मामले में गिरिडीह पुलिस ने पांच दिनों के भीतर पूरे मामले का उद्धभेदन कर पांच अपराधियों को दबोचा है। मंगलवार को एसपी डॉक्टर विमल कुमार और डीएसपी रूपेंद्र राणा ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
इस दौरान एसपी डॉक्टर विमल ने बताया कि बीते 23 जुलाई को मछली कारोबारी से पचम्बा थाना इलाके के मोहनपुर में वन विभाग के समीप लूट की घटना हुई थी। मामले में पांच अपराधियों को दबोचा गया। पकड़े गये सभी अपराधी अलग थाना इलाके के रहने वाले हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देशी कट्टा, तीन जिंदा गोली और दो बगैर नंबर की बाइक बरामद हुई। इसमें एक बुलेट भी है। साथ ही 10 हजार नगद राशि भी बरामद की गई है। गिरफ्तार अपराधियों में बेंगाबाद थाना इलाके के परसन गांव निवासी दीपक वर्मा, पप्पू वर्मा, मोतीलेदा निवासी विजय राय, नगर थाना इलाके के शास्त्रीनगर निवासी अशोक दास और मुफ्फसिल थाना इलाके के शंकर दास शामिल हैं।
एसपी के अनुसार इसमें तीन अपराधियों के खिलाफ पहले से कई अपराधिक केस दर्ज हैं। अशोक दास पोक्सो एक्ट में पहले भी जेल जा चुका है। इसकी गांडेय थाना इलाके के बांधाबाद में पूर्व में एक फाइनेंस कर्मी से लूट की घटना को अंजाम देने में संलिप्ता रही है।
