बर्दवान, 23 नवंबर । बर्दवान शहर 18 नंबर वार्ड के कोलाघाट इलाके में जमीन विवाद को लेकर गोली चलने की घटना घटी। घटना की खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, स्थानीय व्यापारी सुबीर मंडल का लंबे समय से पड़ोसियों के साथ घर के पास की एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार रात यह विवाद अचानक बढ़ गया। जानकारी के अनुसार सुबीर मंडल का पड़ोसियों के साथ पहले गर्मागर्म बहस हुई, जिसके बाद उन्होंने अपनी लाइसेंस प्राप्त बंदूक से कथित तौर पर फायरिंग की।
हालांकि राहत की बात यह है कि गोली किसी को नहीं लगी और हवा में चलाई गई।
सुबीर मंडल के परिवार ने आरोप लगाया है कि स्थानीय लोगों ने लंबे समय तक उनके घर को घेरकर रखा। परिवार ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही भीड़ गेट तोड़कर घर के अंदर घुसने लगी।
उनके अनुसार, आत्मरक्षा में सुबीर ने हवा में फायरिंग की ताकि भीड़ को रोका जा सके।
दूसरी ओर, स्थानीय लोगों का कहना है कि वे एक बैठक कर रहे थे, तभी अचानक सुबीर मंडल के घर से गोली चलने की आवाज आई। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को शांत किया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल किसी की गिरफ्तारी या हिरासत में लेने की खबर नहीं है। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच
कर रही है।
