बेटी का गला घोंट कर की हत्या, गिरफ्तार

पलामू, 28 मई । गढवा जिले के केतार थाने की पुलिस ने गत दिनों थाना क्षेत्र के परती कुशवानी गांव निवासी निर्मल सिंह के घर से मृत मिली पुत्री आकृति कुमारी की हत्या मामले का खुलासा किया है।

आकृति की उसके पिता ने ही राजस्थान में शादी नहीं करने पर रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी थी और शव को कमरे में बंद कर राजस्थान फरार हो गया था।

एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने गुरुवार को बताया कि 19 मई को निर्मल सिंह के घर से दुर्गंध आने पर पुलिस ने निर्मल के पुत्र अविनाश कुमार सिंह की मौजूदगी में घर का ताला खोला तो 17 वर्षीय आकृति कुमारी का शव मिला।

मृतका के भाई अविनाश के फर्द बयान पर पुलिस ने पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया।

तकनीकी सहायता और मानवीय सूचना के आधार पर पता चला कि निर्मल सिंह घटना के बाद राजस्थान भाग गया था और जमानत कराने को लेकर गढ़वा आने वाला है। 27 मई को पता चला कि उत्तर प्रदेश के कोन होकर खरौंधी के रास्ते निर्मल सिंह नगर ऊंटारी जा रहा है।

बजरमरवा के पास से उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

निर्मल ने बताया कि वह अपनी बेटी आकृति की शादी राजस्थान में तय कर दी थी, लेकिन लड़की वहां शादी नहीं करना चाहती थी। उसे राजस्थान ले जाने के लिये घर आया था, लेकिन बेटी नहीं जाने की जिद पर अड़ी रही। इसी से गुस्सा होकर सोये अवस्था में रस्सी से गला घोट कर हत्या कर दी और घर में ताला बंद कर फरार हो गया।