गिरिडीह, 16 अक्टूबर। गिरिडीह पुलिस ने जाली नोट खपाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से ₹45,000 मूल्य के नकली नोट, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरिडीह पुलिस अधीक्षक को 15 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे गुप्त सूचना मिली कि जमुआ थाना क्षेत्र के चितरडीह रोड में जाली नोट गिरोह सक्रिय है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ खोरीमहुआ राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने चंदा मोड़ के पास सघन जांच अभियान चलाया, जिसके दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध युवकों को देखा।
पुलिस वाहन देखते ही सभी युवक भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की सहायता से दो युवकों — अभिषेक कुमार राणा (फुफंदी, बेंगाबाद) और नितीन कुमार (बेरिया, हिरोडीह) को पकड़ लिया गया, जबकि दो आरोपी योगेश मंडल और राज उर्फ राजेश मंडल फरार हो गए।
तलाशी में अभिषेक कुमार राणा के पास से ₹45,000 के जाली नोट का बंडल, एक मोबाइल फोन और यामाहा FZS बाइक (JH11AK 4856) बरामद की गई। नितीन कुमार के पास से भी एक मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे जाली नोट को विभिन्न इलाकों में खपाने का काम करते हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ जमुआ थाने में मामला दर्ज किया गया है। की गई है।
इस छापेमारी अभियान में जमुआ थाना प्रभारी मणिकान्त कुमार, धनवार थाना प्रभारी सत्येन्द्र कुमार पाल, घोड़थम्भा ओपी प्रभारी धमेन्द्र कुमार अग्रवाल, हिरोडीह थाना प्रभारी महेश चन्द्रा सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।
