1

कोलकाता, 13 अक्टूबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी और मां शारदा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आज कलकत्ता हाई कोर्ट परिसर में एक दिवसीय मुफ्त नेत्र परीक्षण एवं हेल्थ चेकअप कैंप का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कुल 185 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया।

65 लोगों को मिलेंगे चश्मे, 10 मरीजों का होगा नि:शुल्क ऑपरेशन

जांच के दौरान 65 व्यक्तियों में दृष्टि संबंधी समस्याएं पाई गईं, जिन्हें जल्द ही चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, 10 मरीजों में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) की पहचान की गई। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, कोलकाता में इन सभी मोतियाबिंद रोगियों का पूर्णतः नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। शिविर के दौरान अन्य लाभार्थियों का शुगर टेस्ट, ब्लड प्रेशर एवं सामान्य हेल्थ चेकअप भी किया गया।

चिकित्सकों का सराहनीय योगदान

इस जन कल्याणकारी शिविर को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास एवं डॉ. शमीमा खातून की मेडिकल टीम का विशेष व सराहनीय योगदान रहा। डॉक्टरों ने मरीजों का बारीकी से परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी।

कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि यह संपूर्ण आयोजन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद अध्यक्ष प्रहलाद रॉय गोयनका जी की प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही संभव हो सका है। संस्था भविष्य में भी समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर आयोजित करती रहेगी।