विकास रंजन के बयान पर दिलीप घोष का पलटवार, कहा - आरएसएस को किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं

कोलकाता, 13 अक्टूबर । आरएसएस को लेकर माकपा नेता विकासरंजन भट्टाचार्य की टिप्पणी पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने पलटवार किया है। माकपा के पूर्व सांसद ने आरएसएस पर गुंडों की फौज तैयार करने के आरोप लगाए थे। मंगलवार को उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि आरएसएस को किसी के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।

माकपा की बदहाल राजनीतिक स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आरएसएस क्या कर रहा है, यह पूरी दुनिया जानती है। इसी तरह माकपा क्या कर रही है, यह भी लोगों से छिपा नहीं है।

दिलीप घोष ने कहा कि उन्होंने आरएसएस को क्यों नहीं रोका? क्या उन्होंने कभी कोशिश की? क्या वे रोक पाए? आरएसएस क्या कर रहा है, यह पूरी दुनिया जानती है। माकपा क्या कर रही है, यह भी लोग जानते हैं। इसी वजह से माकपा का सफाया हो गया है। हमें उनके प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।

विकासरंजन भट्टाचार्य की आरएसएस संबंधी टिप्पणी और उसके जवाब में दिलीप घोष के बयान से राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।