रांची, 13 अक्टूबर। झारखंड की राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र स्थित बालसिरिंग पहाड़ के पास सोमवार सुबह पुलिस और कुख्यात सुजीत सिन्हा गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की गोली से एक अपराधी आफताब घायल हो गया, जबकि सोनू सहित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से तीन पिस्टल बरामद की गई हैं। बताया गया है कि गिरफ्तार अपराधियों ने हाल ही में डोरंडा थाना क्षेत्र के मोनू राय के घर पर फायरिंग की थी, जो सुजीत सिन्हा के इशारे पर की गई थी।
रांची पुलिस को गिरोह के कुछ सदस्यों की गतिविधियों की जानकारी मिली थी, जिसके बाद एसएसपी राकेश रंजन और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर हटिया डीएसपी पी.के. मिश्रा समेत कई थानों की टीमों को अलर्ट कर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक बाइक सवार को रोककर जांच की गई, जिसमें पिस्तौल बरामद होने पर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने खुद को गिरोह का सदस्य सोनू बताया और बताया कि उसके साथी बालसिरिंग पहाड़ के पास मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की। जैसे ही पुलिस नजदीक पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें अपराधी आफताब घायल हुआ। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि दो अन्य अपराधियों को मौके से पकड़ लिया गया।
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि मुठभेड़ में घायल अपराधी का इलाज चल रहा है और गिरफ्तार दोनों से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि तीन हथियार बरामद किए गए हैं और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि पुलिस किसी भी हालत में अपराधियों को खुली छूट नहीं देगी। उन्होंने चेतावनी दी कि “या तो अपराधी आत्मसमर्पण करें या फिर गोली का सामना करने को तैयार रहें।”
