मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी

कोलकाता, 02 नवम्बर। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कोलकाता एक और मील का पत्थर छूने जा रहा है। शहर की प्रतिष्ठित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, में स्थापित नई एवं अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनों का भव्य लोकार्पण 03 नवंबर 2026 को शाम 5:00 बजे होगा। इस विशेष पहल से क्षेत्र के मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा और बेहतर रोगी देखभाल की सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।

सोसायटी के मानद अध्यक्ष प्रह्लाद राय गोयनका ने बताया कि इस उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल सरकार के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री-इन-चार्ज डॉ. अजय कुमार पोद्दार होंगे। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए श्रीमती मीना देवी पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी पिछली एक सदी से जनसेवा और चिकित्सा के क्षेत्र में लगातार समर्पित भाव से कार्य कर रही है। इन अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के जुड़ने से संस्थान की क्षमता में और अधिक विस्तार होगा, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को आधुनिक जांच एवं उपचार का लाभ मिल सकेगा।

समारोह के आयोजन को लेकर संस्थान के पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है और सभी ने शहर के गणमान्य नागरिकों व मीडिया प्रतिनिधियों से इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने की अपील की है।