पूर्वी सिंहभूम, 27 नवंबर । पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़ियासाई गांव में आग की चपेट में आने से झुलसी 70 वर्षीय बुजुर्ग गौरी मुंडा का बुधवार रात एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर की रात बुजुर्ग महिला घर के बाहर अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी साड़ी में आग लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन दिनों से उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद बुधवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार सहित पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
