भालू के हमले में घायल

सरायकेला, 20 सितंबर। जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 5:45 बजे बलरामपुर गांव के समीप भालू के हमले में 80 वर्षीय ग्रामीण मानसिंह हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए।  घायल को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के अनुसार बलरामपुर निवासी मानसिंह हांसदा सुबह अपने गांव से बैठकालसाईं की ओर जा रहे थे,  रास्ते में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके पैर की हड्डी टूटने के साथ शरीर के कई हिस्सों में काटने और नाखून से जख्म होने की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने घायल मानसिंह हांसदा को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया । फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई है. भालू की मौजूदगी की खबर के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.