बोकारो में डबल मर्डर

हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग, बेटा गंभीर रूप से घायल

बोकारो, 18 सितंबर । जिले के   चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के पश्चिमपल्ली में हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी । गोलीबारी में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के पश्चिमपल्ली स्थित डीवीसी के आवासीय क्वार्टर नंबर एम /14 में रहने वाले 65 वर्षीय डीवीसी सेवानिवृत्त कर्मी नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने उनके बेटे रोहित सिन्हा को भी गोली मारी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

रोहित को चंद्रपुरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस ने कोई ठोस जानकारी साझा नहीं की है।

एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या और तीसरे सदस्य के घायल होने की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस अब यह पता लगाने मेंका प्रयास कर रही है कि वारदात के पीछे वजह क्या थी, हमलावर कौन थे और घटना को अंजाम देने के बाद वे किस दिशा में फरार हुए।