bal

नई दिल्ली, 31 जुलाई। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबी)-2026 के लिए ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 अगस्त कर दी है।

महिला बाल विकास मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार को जारी की गई जानकारी के मुताबिक पुरस्कार के लिए नामांकन प्रक्रिया 1 अप्रैल से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से चल रही है। इच्छुक अभ्यर्थी, स्वयं नामांकन करने वाले बच्चे तथा कोई भी नागरिक अपनी अनुशंसा केवल ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर दर्ज करा सकते हैं।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने वीरता, समाज सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल की हो।

पुरस्कार के लिए वही बच्चे पात्र हैं जो भारत के नागरिक हों, भारत में निवास करते हों तथा 31 जुलाई 2026 की स्थिति में उनकी आयु 5 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम हो।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने पात्र बच्चों एवं नागरिकों से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन नामांकन करने की अपील की है।