अलीपुरद्वार, 24 मार्च । जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां देर रात दल से एक बिछड़ा जंगली हाथी रिहायशी इलाके में घुसकर भारी उत्पात मचाया।
इस बीच मां की बहादुरी से बेटी की जान बच गई। घटना जलदापाड़ा के पश्चिम रेंज से जुड़े क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाथी ने पहले खेतों में फसल बर्बाद की और फिर एक घर पर हमला कर दिया। टिन की दीवार तोड़कर जब हाथी घर के अंदर घुसने लगा, उस वक्त अंदर सो रही माध्यमिक छात्रा पर हमले की कोशिश की लेकिन उसकी मां ने अदम्य साहस दिखाते हुए बेटी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एक बड़ा हादसा टल गया।
बाद में वन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से हाथी को वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया गया।
वन विभाग ने कहा है कि प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। यह घटना एक बार फिर इंसान और जंगली जानवरों के बीच बढ़ते संघर्ष की ओर इशारा करती है।
