भोपाल, 18 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर झांसी रोड सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है। वहीं, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
दरअसल, ग्वालियर में शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के तेज रफ्तार ट्रक ने शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी समेत 26 लोग घायल हो गए। घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान हो गई है। मृतकों में सत्येंद्र सिंह गुर्जर (22) पुत्र जगदीश सिंह, निवासी- महलगांव, सरला तोमर (50) पत्नी राजेन्द्र सिंह तोमर, निवासी- हनुमान पहाड़ी, राजीव नगर, गुढ़ा, गौरव परिहार (18) पुत्र कमलेश परिहार, निवासी- बड़ागांव, खुरेरी, महेश शर्मा (45) पुत्र मातादीन शर्मा, निवासी- सहसराम गसवानी, जिला श्योपुर, विमलेश (18) पुत्र बबलू बघेल, निवासी महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी, देवेश बघेल (17) पुत्र हरिसिंह बघेल, निवासी मावटा, भितरवार, प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16) पुत्र संतोष जाटव, निवासी ठाठीपुर, शौर्य शर्मा (15) पुत्र संजय शर्मा, निवासी सहसराम- श्योपुर, दिव्यांश कुशवाह (17) पुत्र अशोक कुशवाह, निवासी- महेशपुरा- सिकंदर कम्पू, पवन राठौर (23), पुत्र विद्याराम राठौर, निवासी गदाईपुरा, हजीरा, लव त्यागी (15) निवासी मुरैना, अमन त्यागी (13) निवासी मुरैना, अशोक त्यागी (45) निवासी सदर, ग्वालियर, हेमंत राठौर पुत्र बंटी राठौर, निवासी शिवनगर, गदाईपुरा और नीतेश उर्फ रितेश (18) निवासी मेला ग्राउंड दुल्लापुर, ग्वालियर शामिल है।
हादसे में श्रद्धालुओं की मौत के बाद पुलिस की भूमिका और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सरकार ने जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने ट्रक चालक और ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा 8 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद झांसी रोड सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है। इसके अलावा कार्रवाई की जद में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर शामिल हैं। ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा है कि हादसे की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख, गंभीर घायलों को 2-2 लाख और अन्य घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
हादसे के बाद मंत्री राकेश शुक्ला घायलों का हाल जानने के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घटना पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने घायलों और उनके परिजन से भी बात की है। कहा कि हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मंत्री ने कहा कि परिजन ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इनकी जांच की जा रही है। सरकार के अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
