shambu

कोलकाता, 18 अगस्त। पश्चिम बंगाल सरकार ने वन विभाग के कर्मचारियों के लिए मंगलवार को बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अक्टूबर से रेंज अधिकारियों, बीट अधिकारियों और फॉरेस्ट गार्ड के मासिक वेतन में पांच-पांच हजार रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। वहीं, वन सहायकों का मासिक भत्ता 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कोलकाता के मोहोरकुंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 500 रेंज अधिकारी और 500 बीट अधिकारी हैं। दोनों श्रेणियों के कर्मचारियों के वेतन में अक्टूबर से पांच हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि होगी। करीब 650 फॉरेस्ट गार्ड को भी इसका लाभ मिलेगा।

इसके अलावा करीब एक हजार 500 वन सहायकों का मासिक भत्ता दो हजार रुपये बढ़ाया जाएगा। अब उन्हें हर महीने 12 हजार रुपये मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए राज्यव्यापी पौधरोपण अभियान ‘सबुज स्वतंत्रता’ की भी शुरुआत की। इसके तहत राज्यभर में 50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सुंदरबन में राज्य सरकार की पहल पर तीन करोड़ मैंग्रोव पौधे लगाए जाएंगे। इनका रोपण अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अगले वर्ष 2027 में राज्य में 20 करोड़ पेड़ लगाने की योजना की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र की ‘एक पेड़ मां के नाम’ की सोच को आगे बढ़ाते हुए बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा।

रोजगार को लेकर भी मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ‘जी राम जी’ योजना के तहत 125 दिनों का काम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार काम होने पर जॉब कार्ड धारकों को सालाना 34 हजार 500 रुपये मिलेंगे। राज्य सरकार इन योजनाओं के माध्यम से करीब 12 हजार करोड़ रुपये के काम कराने में सक्षम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वन विभाग के कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा में लगातार जिम्मेदारी निभाते हैं, इसलिए सरकार ने उनके वेतन और भत्तों में वृद्धि का निर्णय लिया है।