मुख्यमंत्री ने एन्यूमरेशन प्रपत्र जमा किया

रांची, 2 जुलाई । झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण  अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में स्वयं एसआईआर (एन्यूमरेशन) प्रपत्र भरकर जमा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से समय सीमा के भीतर प्रपत्र भरकर अपना सत्यापन कराने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है और इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र स्वयं भरकर जमा किया।

राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर रहे हैं। सरकार ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।