hfhd

हुगली, 18 जुलाई । हुगली जिले के श्रीरामपुर नगर पालिका क्षेत्र में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों के घरों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पार्षदों से शाम पांच बजे तक इस्तीफा देने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय तक इस्तीफा नहीं दिया गया तो उनके घरों के बाहर धरने पर बैठा जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रीरामपुर नगर पालिका के वार्ड संख्या 15 की पार्षद झूमा शील, वार्ड संख्या 17 के पार्षद मिलन मुखर्जी, वार्ड संख्या 10 की पार्षद बेबी घोष तथा वार्ड संख्या 22 की पार्षद तियाशा मुखर्जी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्षदों के खिलाफ नारेबाजी की गई और उनसे तत्काल पद छोड़ने की मांग की गई।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि नगर पालिका में व्याप्त विभिन्न अनियमितताओं और हालिया घटनाक्रम के मद्देनज़र संबंधित पार्षदों को नैतिक आधार पर अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि 29 वार्डों वाली श्रीरामपुर नगर पालिका में नई सरकार के सत्ता में आने के बाद चेयरमैन और वाइस चेयरमैन सहित अब तक नौ तृणमूल पार्षद अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में शेष पार्षदों पर भी इस्तीफे का दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।