हुगली, 18 जुलाई । श्रावणी मेला-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शनिवार को हुगली जिले के हरिपाल ब्लॉक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में राज्य के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) एवं श्रम राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, राज्य मंत्री सुमना सरकार, तारकेश्वर के विधायक संतु पान तथा प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम, भीड़ नियंत्रण की विशेष रणनीति, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा मेले के समग्र संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। प्रशासन ने बताया कि सभी विभागों के समन्वय से इस वर्ष श्रावणी मेले को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि आम जनता, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न सरकारी विभागों के संयुक्त प्रयास से श्रावणी मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
