nj

पश्चिम मेदिनीपुर, 29 मार्च । पश्चिम मेदिनीपुर जिला कार्यालय में रविवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ चार्जशीट पेश की गई। इस दौरान मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, जिलाध्यक्ष शामित मंडल तथा खड़गपुर ग्रामीण के भाजपा प्रत्याशी तपन भुइयां सहित अन्य नेता मौजूद थे।

इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में भय और कुप्रशासन की स्थिति पैदा हो गई है तथा तृणमूल सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब तक सातवें वेतन आयोग को लागू नहीं कर सकी है, जिसके कारण लगभग 20 लाख राज्य सरकारी कर्मचारी वंचित हैं। उन्होंने आगे कहा कि रोजगार के अभाव में करीब 40 लाख युवाओं को दूसरे राज्यों में जाकर प्रवासी मजदूर के रूप में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उद्योग और निवेश के क्षेत्र में भी राज्य को नुकसान हुआ है और छह हजार 688 कंपनियां पश्चिम बंगाल छोड़कर अन्य राज्यों में चली गई हैं।

दिलीप घोष ने यह भी कहा कि राज्य में लोगों के बीच हिंसा का डर व्याप्त है और लगभग हर क्षेत्र में असंतोष का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के शासन में आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।

भाजपा के खड़गपुर ग्रामीण के प्रत्याशी तपन भुइयां ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आम जनता में भारी असंतोष है। तृणमूल सरकार ने लोगों से किए वादों को पूरा नहीं किया है। आने वाले चुनाव में जनता इस सरकार को जवाब देगी और राज्य में परिवर्तन लाने का काम करेगी।

दिलीप घोष ने कहा कि खड़गपुर सदर और खड़गपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों द्वारा चार्जशीट पेश की गई है। इसी प्रकार आगामी दिनों में राज्य की हर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी जनता के सामने चार्जशीट पेश करेंगे।