रांची में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़

रांची, 07 सितंबर । रांची के लोअर बाजार थाना पुलिस ने सदर अस्पताल के आसपास बाइक चुराने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की चार बाइक बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुमला निवासी इरफान अंसारी, बेड़ो निवासी मो. कैश आलम, मोसिन राय, इमरान आलम उर्फ भालो, मो. जफरूल्ला, शाहिद राय तथा गुमला जिले के सिसई निवासी सैफ अंसारी उर्फ राज के रूप में हुई है।

नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) केवी रमण ने सोमवार को बताया कि सदर अस्पताल के आसपास लगातार बाइक चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसे देखते हुए वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर अस्पताल के आसपास तैनात टाइगर मोबाइल, पीसीआर और माइक टीम को विशेष निगरानी का निर्देश दिया गया था।

इसी क्रम में पुलिस को सदर अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति के बाइक चोरी की फिराक में घूमने की सूचना मिली। पुलिस ने सूचना का सत्यापन करते हुए संदिग्ध को अस्पताल परिसर से पकड़ा। उसकी निशानदेही और कथित स्वीकारोक्ति के आधार पर चार चोरी की बाइक बरामद की गईं।

छापेमारी टीम में थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, संतोष कुमार रजक, देवानंद कुमार यादव, दीपक किशोर तिवारी, सुधीर बाड़ा, रंजीत कुमार, अजय कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।