कोलकाता, 06 अक्टूबर । मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के वादे के मुताबिक राज्य सरकार ने लोक सेवा आयोग (पीएससी) की क्लर्कशिप परीक्षा 2024 को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में 14 हजार 454 रिक्त पदों पर भर्ती की घोषणा की थी।
जारी अधिसूचना के अनुसार, छः अक्टूबर, मंगलवार से क्लर्कशिप परीक्षा 2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है। न्यूनतम माध्यमिक या समकक्ष परीक्षा पास उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों के पास कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान और टाइपिंग की क्षमता होना भी जरूरी है।
उन्होंने बताया था कि लोक सेवा आयोग की ओर से भर्ती संबंधी अधिसूचना जारी की जा रही है। इसी तहत अब क्लर्कशिप परीक्षा 2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे पहले 23 दिसंबर 2024 को इस परीक्षा का संकेतात्मक नोटिफिकेशन जारी किया गया था। वहीं, डब्ल्यूबीपीएससी क्लर्कशिप 2023 परीक्षा का भाग-1 16 और 17 नवंबर 2024 को आयोजित हुआ था।
इस परीक्षा के लिए 18 से 45 वर्ष की आयु के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 110 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा 26 अक्टूबर को शाम 3.30 बजे तक है। वहीं, ऑनलाइन आवेदन में सुधार का मौका 28 अक्टूबर से एक नवंबर तक दिया जाएगा। हालांकि, अभी परीक्षा की तारीख और कुल कितने पदों पर भर्ती की जाएगी, इसकी विस्तृत जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दी गई है। —
