arres

हुगली, 06 अक्टूबर  हुगली जिला परिषद के एक उप-सहायक अभियंता को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गुरुवार को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पश्चिम बंगाल पुलिस की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की।

एसीबी के अनुसार, पोलबा के ठेकेदार मुक्तराम घोष का हुगली जिला परिषद से किए गए काम का करीब दो लाख छह हजार रुपये भुगतान बकाया था। आरोप है कि बकाया राशि दिलाने के बदले अभियंता ने ठेकेदार से रिश्वत की मांग की। इसके बाद ठेकेदार ने भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों के निर्देश पर ठेकेदार रिश्वत की रकम पर विशेष रसायन लगाकर रुपये देने पहुंचा।

बताया जा रहा है कि 20 हजार रुपये हाथ में लेते ही भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के अधिकारी अभियंता के कमरे में पहुंचे और उन्हें मौके पर पकड़ लिया। रसायन लगे नोटों को छूने के बाद जब अभियंता ने पानी से हाथ धोया तो उनके हाथ का रंग बैंगनी हो गया। घटना की सूचना पाकर चुंचुड़ा थाने के प्रभारी अधिकारी उत्तम शर्मा सहित पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मामले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की ओर से जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। —