iit

खड़गपुर, 27 फ़रवरी। शुक्रवार को भी आईआईटी खड़गपुर स्थित पोस्ट ऑफिस में बम की धमकी से दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार के बाद शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे पोस्ट ऑफिस में धमकी भरा ई-मेल आया। इसके बाद एहतियातन सभी ग्राहकों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर बाहर निकाल लिया गया और कार्यालय बंद कर दिया गया। धमकी वाले ई-मेल की एक प्रति कार्यालय के प्रवेश द्वार पर चस्पा कर दी गई।

पोस्ट ऑफिस की कर्मचारी जहांआरा बेगम ने बताया कि अधिकारी के निर्देश पर सभी कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकलने को कहा गया, जिसके बाद वे परिसर से बाहर आ गए। उन्होंने कहा कि लगातार इस प्रकार की घटनाओं से कर्मचारियों में भय का माहौल है और रोजाना कामकाज प्रभावित हो रहा है।

वहीं डिलीवरी स्टाफ ने कहा कि आज भी धमकी भरा मेल मिलने के बाद ग्राहकों को बाहर निकालना पड़ा। उन्होंने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण दैनिक कार्य प्रभावित हो रहा है तथा ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से कर्मचारियों के परिवारों में भी भय का वातावरण है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कार्यालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। प्राप्त ई-मेल में कथित रूप से लिखा गया कि दोपहर 12:30 बजे पासपोर्ट कार्यालय में विस्फोट किया जाएगा तथा पूर्व दिवस की घटना को पुलिस की प्रतिक्रिया परखने के उद्देश्य से अंजाम देने की बात कही गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।