रांची, 12 सितंबर। लोअर बाजार थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोप एक शख्स को गिरफ्तार कर उससे चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल, मास्टर चाबी और मोटर साइकिल का ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला औजार भी बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र निवासी राजेश कुमार सिंह ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत 8 अगस्त को लोअर बाजार थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि उनकी बाइक चर्च कॉम्प्लेक्स के पास से चोरी कर ली गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हरमू रोड स्थित गाड़ीखाना चौक के पास का रहने वाले धीरज जालान उर्फ रूपु (42) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, धीरज के खिलाफ पहले से करीब 40 मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे चोरी की गई बुलेट बरामद कर ली। इसके अलावा एक मास्टर चाबी और पेचकस को वेल्डिंग कर तैयार किया गया ऐसा औजार भी मिला, जिसका इस्तेमाल मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ने में किया जाता था।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
छापेमारी टीम में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, एसआई सत्य प्रकाश उपाध्याय, सुधीर बाड़ा, रवि कुमार वर्मा, अरविंद कुमार, एएसआई अजय कुमार सिंह समेत थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
