पश्चिमी सिंहभूम, 15 मई । पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारी गांव में नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर 19 वर्षीय युवक ने अपनी 58 वर्षीय बुआ की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। मृतका निर्वासिनी प्रधान अविवाहित थीं और अपने भाई के परिवार के साथ रहती थीं।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्वासिनी प्रधान ने बचपन से अपने भतीजे सूरज प्रधान का पालन-पोषण किया था। परिवार और गांव में वह बेहद सरल स्वभाव की महिला मानी जाती थीं। सूरज की हर जरूरत का ध्यान रखने वाली बुआ ने जब उसके बढ़ते नशे की लत को देखते हुए पैसे देना बंद कर दिया, तभी से दोनों के बीच विवाद होने लगा था।
ग्रामीणों के मुताबिक, सूरज प्रधान नशे का आदी था और अक्सर अपनी बुआ से पैसे की मांग करता रहता था। गुरुवार सुबह से ही वह नशापान के लिए लगातार पैसे मांग रहा था, लेकिन निर्वासिनी प्रधान ने पैसे नहीं होने की बात कहकर देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और नाराज होकर बुआ ने उसे घर से बाहर निकाल दिया।
रात करीब साढ़े सात बजे सूरज दोबारा घर पहुंचा और फिर से पैसे मांगने लगा। जब बुआ ने दोबारा पैसे देने से मना किया तो वह आपा खो बैठा। गुस्से में उसने निर्वासिनी प्रधान का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित वहां से फरार हो गया।
इधर, हत्या की सूचना मिलते ही सोनुवा थाना पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की। संदेह के आधार पर पुलिस ने सूरज प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया। सोनुवा थाना प्रभारी एस.के. नायक ने बताया कि आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
