लौटाए गए फोन

पलामू, 15 मई। पलामू पुलिस ने ‘मुस्कान अभियान’ के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद 88 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंप दिए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

मेदिनीनगर स्थित पुलिस सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने स्वयं कई लोगों को उनके मोबाइल फोन लौटाए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों को राहत पहुंचाना और गुम हुए मोबाइल फोन की त्वरित बरामदगी सुनिश्चित करना है।

पुलिस के अनुसार, जिले के अलग-अलग थानों में मोबाइल गुम होने और चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। तकनीकी सहायता और पुलिस टीम के समन्वित प्रयास से कुल 88 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

बरामद मोबाइल फोन मेदिनीनगर, छतरपुर, हुसैनाबाद समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों के संबंधित लोगों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए अभियान की सराहना की।

इस मौके पर एसपी कपिल चौधरी ने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि इससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई और मोबाइल की बरामदगी में काफी मदद मिलती है।

कार्यक्रम में डीएसपी राजीव रंजन, राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार, चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, सब इंस्पेक्टर अनिल विद्यार्थी सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।