पूर्वी सिंहभूम, 19 सितंबर । एक युवक ने शुक्रवार को डोबो पुल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक युवक की पहचान सूरज गोराई के रूप में हुई है, जो श्यामनगर, गम्हरिया का रहने वाला और आरएसबी कंपनी में कार्यरत था। उनके पिता का नाम शंकर गोराई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक की बुलेट मोटरसाइकिल (नंबर जेएच 05 ईबी 6790) बीती रात से ही पुल पर खड़ी थी। यह सवाल अब जांच का विषय बन गया है कि रातभर उसने अपनी मोटरसाइकिल पुल पर क्यों खड़ी की थी और सुबह अचानक वह पुल से कूदकर नदी में क्यों गया।
सुबह लोगों ने उसे पुल से नीचे छलांग लगाते देखा और तुरंत सोनारी थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। युवक के परिजनों को भी सूचना दी गई।
गौर करने वाली बात है कि डोबो पुल से खुदकुशी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। प्रशासन ने इसे रोकने के लिए पुल पर ऊंची जाली लगाने की घोषणा की थी, लेकिन यह काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है, इससे लोग प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस फिलहाल परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया और रातभर पुल पर उसकी गतिविधियों का क्या कारण था।
