पूर्व मेदिनीपुर, 13 सितंबर । पुलिस क्लियरेंस प्रमाणपत्र दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से रुपये मांगने के आरोप में पूर्व मेदिनीपुर जिले के एक सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान तपन नायक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस क्लियरेंस प्रमाणपत्र के लिए एक व्यक्ति से रुपये की मांग की जा रही थी। इस संबंध में उसने शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने प्रारंभिक जांच में आरोप की सत्यता की पुष्टि की। इसके बाद शनिवार देर शाम भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की एक टीम ने चंडीपुर स्थित डीआईबी कार्यालय में गोपनीय अभियान चलाया।
अभियान के दौरान तपन नायक को कथित रूप से घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की। मामले में आगे की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि सरकारी अधिकारियों और सरकारी कार्यों से जुड़े कर्मचारियों के बीच वित्तीय भ्रष्टाचार रोकने के लिए प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज की गई है। इससे पहले 31 अगस्त को भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने उलूबेड़िया के उप-पंजीयक कार्यालय के अधिकारी जीवनकृष्ण दास को कथित रूप से घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
इसी तरह 17 अगस्त को हावड़ा जिले के बैतरा थाने के उपनिरीक्षक सुब्रत सरकार और नाजीरगंज पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल शुभमय मंडल को भी घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
