सिलीगुड़ी, 15 मार्च । सिलीगुड़ी में पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। शहर के दार्जिलिंग मोड़ इलाके में अभियान चलाकर प्रधान नगर थाने की पुलिस ने करीब तीन सौ ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार मूल्य करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एमडी सद्दाम और राजा महतो के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर दार्जिलिंग मोड़ में संदिग्ध रूप से घूम रहे दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक मालदा से सिलीगुड़ी आए थे। दार्जिलिंग मोड़ पर उतरने के बाद वे एक छोटी गाड़ी से झंकार मोड़ जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर उन्हें दबोच लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
